हनुमानगढ़। टाउन में जंक्शन रोड पर स्थित एक मकान में पीओपी का कार्य कर रहा बरकत कॉलोनी का युवक नीचे गिर गया। गंभीर चोटें लगने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव दफनाने से इनकार कर दिया।

अमजद खान ने बताया कि इस्माइल (24) पुत्र मुंशी खां निवासी बरकत कॉलोनी, टाउन 29 मार्च को सुबह करीब 10.30 बजे जंक्शन रोड स्थित राजेश गोयल की कोठी में पीओपी का कार्य कर रहा था। कार्य के दौरान सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं किया गया था, जिससे वह जाल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर श्रीगंगानगर रेफर किया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान इस्माइल की मौत हो गई। अमजद खान के अनुसार, मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।

उसकी माता अपाहिज है और एक बहन की शादी की तैयारियों में वह जुटा हुआ था। दो भाई भी अलग रहते हैं और परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। मजदूर कार्ड न बनने के कारण परिवार चिरंजीवी योजना के तहत सरकार से मिलने वाली मदद भी प्राप्त नहीं कर सकता। मौके पर अमजद खान ने बताया कि कोठी मालिक राजेश गोयल और ठेकेदार से बात की गई कि पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए। हालांकि ठेकेदार ने इस्माइल के इलाज पर हुए खर्च की व्यवस्था की, लेकिन मकान मालिक घर तक सांत्वना देने नहीं पहुंचे। परिवार का कहना है कि जब तक उनकी आर्थिक मदद की घोषणा नहीं होती, वे इस्माइल का जनाजा नहीं उठाएंगे।

