रावतसर। क्रय विक्रय सहकारी समिति के खरीद केंद्र पर गुरुवार को चना की सरकारी खरीद का शुभारंभ किया गया। खरीद की शुरुआत रामपुरा मटोरिया के किसान कृष्ण कुमार की चना ढेरी से हुई। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष भागा राम बेनीवाल और भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने किसान कृष्ण कुमार का माल्यार्पण कर स्वागत किया। क्रय विक्रय समिति की व्यवस्थापक नीलम माहिया ने बताया कि रावतसर खरीद केंद्र पर लगभग 50 तथा पल्लू खरीद केंद्र पर 295 किसानों ने पंजीकरण करवाया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चने की सरकारी खरीद 5875 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर की जा रही है। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने कहा कि वर्तमान में बाजार भाव और सरकारी खरीद मूल्य में लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर है, इसलिए किसानों को अपना चना सरकारी खरीद केंद्रों पर ही बेचना चाहिए। उन्होंने तोला मजदूरों से खाली थैलों के वजन की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि 50 किलो की भर्ती में 50 किलो 500 ग्राम चना तोला जाएगा। साथ ही उन्होंने मजदूरों को निर्देश दिए कि चने की पछाड़ किसान की ट्रॉली में ही डाली जाए। खरीद कार्यक्रम के दौरान विधायक पुत्र नथुराम ने कृषि उपज मंडी सचिव को फोन कर सरसों की तुलवाई के दौरान खाली वारदाने का अधिक वजन काटे जाने पर नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर खरीद प्रभारी सुरेंद्र सिंह, हेतराम गिला, भीम सिंह राठौड़, संतलाल गोदारा, महेंद्र सिंह, रतनलाल, जगदीश मेघवाल, कृष्ण गोपाल सहित कई किसान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
