ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना सिरसा की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि खैरपुर कॉलोनी, सिरसा निवासी एक महिला के साथ करीब 2 लाख 89 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई, जहां उसे शेयर मार्केट ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने के संदेश दिखाए गए। साइबर ठगों ने महिला को झांसे में लेने के लिए शुरुआत में उसके द्वारा लगाए गए पैसों पर नकली मुनाफा दिखाया और कुछ राशि उसके खाते में वापस भी भेज दी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अधिक लाभ के लालच में महिला ने धीरे-धीरे कुल 2 लाख 89 हजार रुपये निवेश कर दिए। जब उसने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो संबंधित लिंक बंद हो चुका था और उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता की शिकायत के आधार पर 20 मार्च 2026 को साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपी कुलदीप सिंह पुत्र हरि प्रसाद निवासी गांव मोरदूंगा, जिला सीकर (राजस्थान) को सीकर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश के नाम पर लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहें। साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
