ऐलनाबाद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहूवाला द्वितीय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार अजय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ढीढारिया और विद्यालय की प्राचार्या मंजू पूनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि नए सत्र के पहले ही दिन विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों से कुल 80 विद्यार्थियों ने विद्यालय में दाखिला लिया, जिससे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ढीढारिया ने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में करवाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की भी सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं आरजू और ज्योति (पुत्री विनोद कुमार) को जेईई परीक्षा उत्तीर्ण करने पर बधाई दी गई तथा उनके पिता विनोद कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गुडिया खेड़ा के प्रधानाचार्य उमेद सिंह ढाका ने भी अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैरानवली से इंद्रजीत, पीटीआई पवन, अन्य विद्यालयों से रामप्रताप, सविता, चाडीवाल से पीटीआई बलजिंदर और रेणु सहित एसएमसी व पंचायत के सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
