चूरू। शहर के नया बास क्षेत्र में शनिवार को एक मकान के बाथरूम में कोबरा सांप निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सांप बाथरूम के नाले के पाइप में छिपा हुआ था। जैसे ही घर के लोगों की नजर उस पर पड़ी, वे घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। मकान मालिक एडवोकेट महेश प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही गोगामेड़ी से सांप पकड़ने में निपुण एक व्यक्ति को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलने पर वह तुरंत नया बास पहुंचा और स्थिति का जायजा लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान सांप नाले के पाइप के अंदर फंसा हुआ था, जिससे उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। सपेरे ने सूझबूझ दिखाते हुए पाइप में धीरे-धीरे पानी डाला, जिससे कोबरा बाहर निकलने को मजबूर हो गया। कुछ ही देर में सांप पाइप से बाहर निकल आया, जिसे सावधानीपूर्वक पकड़ लिया गया। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को देखते रहे। सांप को पकड़ने के बाद उसे किसी प्रकार की हानि पहुंचाए बिना सुरक्षित रूप से शहर से दूर बीहड़ क्षेत्र में छोड़ दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
