ऐलनाबाद। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच द्वारा ऐलनाबाद के वार्ड-9 स्थित श्री श्याम हवेली में आयोजित 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सम्मेलन में भारत के 20 राज्यों और विश्व के 5 देशों से लगभग 100 युवाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर युवा सशक्तिकरण, सामाजिक विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। दिव्या युवा मंच के संस्थापक व इंटरनेशनल अवॉर्डी सुभाष चौहान ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को एक वैश्विक मंच प्रदान करना था, जहां वे अपने विचार साझा कर सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लें। सम्मेलन के पहले दिन शाम को ऐलनाबाद शहर के चौधरी देवीलाल चौक से गांधी चौक तक विश्व शांति के लिए पैदल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमीरचंद मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी चौक पहुंचकर प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी को पुष्प अर्पित कर विश्व शांति की कामना की। इस दौरान स्थानीय ब्रह्माकुमारी आश्रम की ओर से प्रतिभागियों के लिए ब्रह्म भोज का आयोजन किया गया, जहां ब्रह्माकुमारी बहन कमलेश और रेखा ने सभी का स्वागत किया। अगले दिन सुबह नशा मुक्ति अभियान के तहत शहर के पंचमुखी चौक से अंबेडकर चौक तक वैश्विक साइकिल यात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न संस्थाओं के लोगों ने भाग लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इसके बाद श्री श्याम हवेली में दिनभर अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऐलनाबाद के विधायक भरत सिंह बेनीवाल के पुत्र सुमित बेनीवाल तथा इंडियन नेशनल लोकदल के हलकाध्यक्ष होशियार सिंह खोड़ ने उपस्थित होकर समाज सेवा, नेतृत्व और साहस के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को “वीरांगना अवार्ड” प्रदान किया। यह सम्मान महिलाओं को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का प्रयास है। सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आयोजक संस्था की ओर से टी-शर्ट, बैग, डायरी, सर्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन स्थानीय हनुमानगढ़ रोड स्थित योग साधना मंदिर में सैकड़ों योग साधकों ने प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया। यहां योग गुरु मंजू धानुका ने सभी को योगाभ्यास करवाया। इसके बाद देश-विदेश से आए प्रतिभागियों ने योग साधना केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्मेलन के समापन पर प्रतिभागियों को शहर के विभिन्न स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। सिरसा रोड स्थित हरप्रभ आश्रम में पहुंचने पर संचालक वीर जसविंदर सिंह ने सभी का स्वागत किया और आश्रम में रह रहे लोगों के जीवन के बारे में जानकारी दी। आश्रम में विक्षिप्त और मंदबुद्धि महिलाओं व पुरुषों की स्थिति देखकर कई प्रतिभागी भावुक हो उठे। आश्रम की ओर से सभी अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
संवाददाता- रमेश भार्गव
