ऐलनाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरसा द्वारा मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनिश जिन्दिया के मार्गदर्शन तथा सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल में आयोजित किए गए, जहां जागरूकता शिविर लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी एल.ए.डी.सी. कवलजीत सिंह गिल ने सिविल अस्पताल सिरसा में तथा डिप्टी एल.ए.डी.सी. वंदना मोंगा ने जिला जेल में आयोजित कानूनी जागरूकता शिविर में उपस्थित लोगों को संविधान के अनुच्छेद 21 (राइट टू लाइफ) के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करना उसका मौलिक अधिकार है। इसके अलावा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिरसा के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों के लिए कई गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। प्राधिकरण के सचिव प्रवेश सिंगला ने बताया कि हर वर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना की वर्षगांठ के रूप में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
