ऐलनाबाद। हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बॉर्डर एरिया में स्थित इंटरस्टेट नाकों पर रात्रि के समय विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की सघन जांच की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने कुल 197 वाहनों की चेकिंग की, जिनमें से 26 वाहनों के चालान किए गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस द्वारा नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया जाता है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की टीमें गठित कर नाके लगाए जाते हैं तथा गश्त के माध्यम से सुनियोजित तरीके से चेकिंग अभियान चलाया जाता है, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे। उन्होंने बताया कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अपराधी किसी भी परिस्थिति में पुलिस की नजरों से बच न पाए। अभियान के दौरान रात्रि में यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसपी दीपक सहारण ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे समाज के प्रति अपना नैतिक दायित्व निभाते हुए किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं से विशेष अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं को हेल्पलाइन नंबर 112 पर पंजीकृत करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
