ऐलनाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सेक्रेटरी प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) पत्रकारों और उनसे जुड़े लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती है। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एमडब्ल्यूबी ने सदैव निस्वार्थ भावना से सेवा का कार्य किया है और जरूरतमंद पत्रकारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। सोमवार को हरियाणा सचिवालय के प्रेस रूम में कार्यरत शक्ति चंद शर्मा को मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। यह सहायता हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सेक्रेटरी प्रवीण अत्रेय के माध्यम से दी गई। गौरतलब है कि शक्ति चंद शर्मा कुछ माह पूर्व एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनके पैरों में फ्रैक्चर हो गया था। इस कारण उन्हें लंबे समय तक उपचार और प्लास्टर से गुजरना पड़ा। इस अवसर पर मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी भी उपस्थित रहे। धरणी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में संस्था ने कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त तथा अस्पतालों में भर्ती पत्रकारों और उनके परिवारों को अनेक अवसरों पर आर्थिक सहायता प्रदान की है। उन्होंने बताया कि संस्था के साथ पहले दिन से जुड़े सदस्यों के लिए इस वर्ष से निशुल्क सपरिवार कैशलेस मेडिक्लेम इंश्योरेंस पॉलिसी की सुविधा भी शुरू की गई है। इसके अलावा संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से सदस्यों के लिए 10-10 लाख रुपये का निशुल्क एक्सीडेंटल इंश्योरेंस और टर्म इंश्योरेंस भी करवाया जा रहा है। धरणी ने कहा कि पत्रकारों का कार्यक्षेत्र चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा होता है। ऐसे में उनके और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की योजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। संस्था का उद्देश्य पत्रकारों की पेशेवर मजबूती के साथ-साथ उनकी सामाजिक और पारिवारिक सुरक्षा को भी मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) आज पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए समर्पित एक सशक्त और विश्वसनीय संस्था के रूप में जानी जाती है। संस्था पत्रकारों को संगठित कर उन्हें ऐसा मंच प्रदान कर रही है, जहां वे निर्भय होकर अपने कर्तव्यों का पालन कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर संगठनात्मक सहयोग प्राप्त कर सकें। एमडब्ल्यूबी देश की पहली ऐसी संस्था है, जो पत्रकारों को मृत्यु, दुर्घटना बीमा और टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। अधिकांश संस्थाएं बीमा पॉलिसी के नाम पर पत्रकारों से शुल्क लेती हैं, लेकिन एमडब्ल्यूबी किसी भी पत्रकार से इसके लिए एक रुपया भी नहीं लेती। हाल ही में एक वरिष्ठ पत्रकार के निधन के बाद संस्था द्वारा करवाई गई बीमा पॉलिसी के माध्यम से उनके परिवार को बीमा कंपनी द्वारा 10 लाख रुपये की सहायता राशि दिलवाई गई। संस्था ने वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान की भी अनूठी परंपरा शुरू की है। इसके तहत हर कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया जाता है। अब तक यह सम्मान पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, पूर्व मंत्री कंवर पाल गुज्जर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के हाथों विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदान किया जा चुका है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
