ऐलनाबाद। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जनगणना-2027 प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को नगराधीश अजय सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व प्रगणकों को जनगणना कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। नगराधीश अजय सिंह ने बताया कि जनगणना के तहत हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंस का कार्य 1 मई से 30 मई तक किया जाएगा। इससे पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-जनगणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत नागरिक स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझें। उन्होंने बताया कि लगभग 700 से 800 की आबादी पर एक प्रगणक नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर तैनात रहेगा, जो पूरे कार्य की निगरानी करेगा। नगराधीश ने बताया कि सभी प्रगणकों को 22 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रत्येक प्रगणक के पास आधिकारिक पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। बिना पहचान पत्र के कोई भी प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना से संबंधित जानकारी एकत्र नहीं करेगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे केवल आई-कार्ड धारक प्रगणकों को ही अपनी जानकारी दें और जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक के मोबाइल पर ओटीपी नहीं आएगा, इसलिए लोग इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम से बचें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
