श्रीगंगानगर। शहर के बस स्टैंड के सामने स्थित मिनी मायापुरी ऑटोमोबाइल मार्केट में बुधवार सुबह स्पेयर पार्ट्स की दो दुकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दोनों दुकानों में रखा स्पेयर पार्ट्स, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान मालिक श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें दुकानों में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल विभाग के अनुसार सुबह 6:32 बजे सूचना मिलते ही रवीन सिंह, तुषार, सीताराम, नरेश और दीपक राणा दमकल गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक दुकानों में रखा पूरा स्टॉक, टूल्स और फर्नीचर जलकर नष्ट हो चुका था। दुकान मालिक के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
