बराड़ा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान सहित समाज का हर वर्ग खुद को दुखी और उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल खरीद की व्यवस्था ठीक नहीं है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद वरुण चौधरी, मुलाना की विधायक पूजा चौधरी और शाहाबाद के विधायक राम करण काला के साथ बराड़ा अनाज मंडी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंडी में गेहूं की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों व आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने जिन-जिन मंडियों का दौरा किया है, वहां एक ही स्थिति सामने आई है कि किसान बेहद परेशान है और उसकी फसल समय पर नहीं खरीदी जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों पर आधार कार्ड, “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल, गेट पास, बायोमेट्रिक और गारंटर जैसी कई शर्तें थोप दी हैं, जिससे किसान मंडियों में अपनी फसल बेचने के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि इन जटिल प्रक्रियाओं के कारण किसान मजबूर होकर अपनी फसल मंडी से बाहर कम कीमत पर बेचने के लिए विवश हो रहा है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो इसमें बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में कई किसानों की जमीन उनकी बेटियों या बहुओं के नाम पर दर्ज है। ऐसे में बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए उन्हें मंडियों में बुलाना व्यावहारिक नहीं है और यह व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। उन्होंने इसे किसान विरोधी नीति बताते हुए सरकार से व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। बारिश से फसल को हुए नुकसान के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि यदि बारिश के कारण किसानों की तैयार फसल को नुकसान हुआ है तो सरकार को तुरंत मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कृषि मंत्री के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें बारिश को फसल के लिए लाभदायक बताया गया था। हुड्डा ने कहा कि पकी हुई फसल पर बारिश का असर नुकसानदायक होता है और इस तरह की बयानबाजी किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। वहीं एक सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे पार्टी द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने भी सरकार पर किसानों और प्रदेश के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस मौके पर कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष दुष्यंत चौहान, पूर्व सरपंच डॉ. हरीश मुदगिल, गुरमीत सिंह टीटू, कंवरजीत सिंह, प्रिंस, शीशपाल, सतीश गर्ग, कुलबीर सिंह, प्रमोद गर्ग, निर्मल सिंह, हिमांशु गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
