संगरिया। पुरानी धान मंडी में बेतरतीब खड़ी सब्जी की रेहड़ियों और अवैध अड्डों के कारण बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कृषि उपज मंडी समिति ने सख्त कदम उठाए हैं। मंडी सचिव राकेश चौधरी ने होमगार्ड के जवानों और मंडी चौकीदारों के साथ मौके पर पहुंचकर अव्यवस्थित खड़ी रेहड़ियों को हटवाया और संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही रेहड़ी लगाने के निर्देश दिए। समर्थन मूल्य पर जिंसों की सरकारी खरीद जल्द शुरू होने वाली है। ऐसे में मंडी परिसर में किसानों और भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मंडी के पिड़ों (प्लेटफॉर्म) पर खड़ी रेहड़ियों को तुरंत यार्ड से बाहर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि फसलों के भंडारण और उठाव में किसी प्रकार की बाधा न आए। मंडी के आढ़तियों ने सब्जी रेहड़ियों के गलत तरीके से खड़े होने और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर मंडी सचिव से लिखित और मौखिक शिकायत की थी। कुछ व्यापारियों ने इस संबंध में 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के बाद मंडी प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था दुरुस्त करवाई। मंडी सचिव राकेश चौधरी ने रेहड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में यातायात बाधित करते हुए पाए गए, तो उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा। अभियान के दौरान होमगार्ड के जवान, समाजसेवी अमरनाथ पेंटर, मंडी चौकीदार और स्थानीय दुकानदार मौजूद रहे।
