टिब्बी। राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान के तहत नगर पालिका टिब्बी द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी बृजेश कुमार सोनी के निर्देश पर पालिका टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान विशेष रूप से मुख्य मार्ग (मेन रोड) पर ध्यान केंद्रित किया गया। सड़क किनारे स्थित विद्युत ट्रांसफॉर्मरों के आसपास लंबे समय से जमा गंदगी, कचरा और झाड़ियों को साफ किया गया। इन स्थानों पर कचरा जमा होने से जहां शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।

इसे देखते हुए पालिका प्रशासन ने तुरंत सफाई कार्य करवाया। अभियान का नेतृत्व कार्यवाहक स्वच्छता निरीक्षक कमलेश कुमारी, स्वच्छ भारत मिशन के एमआईएस इंजीनियर सुरेंद्र कुमार तथा कार्यवाहक जमादार कृष्ण कुमार ने किया। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए मुख्य मार्ग की साफ-सफाई कर शहर की तस्वीर बदल दी। सफाई अभियान के साथ-साथ पालिका अधिकारियों ने जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और इसके उपयोग से बचने की अपील की। पालिका प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें तथा कूड़ा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि टिब्बी को स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
संवाददाता- प्रभु राम
