चारणवासी। सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवेश अभियान के तहत शिक्षक अब गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर स्कूल छोड़ चुके या नए प्रवेश के योग्य बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। सुबह सात बजे से ही शिक्षक डोर-टू-डोर सर्वे कर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं व योजनाओं की जानकारी देकर बच्चों का दाखिला करवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस अभियान के तहत 3 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से उन बच्चों की पहचान की जा रही है जो किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ चुके हैं या अभी तक स्कूल से बाहर हैं। सरकार ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य में लगे शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें ऑन-ड्यूटी मानते हुए उसी दिन प्रवेशोत्सव ऐप पर सर्वे का डेटा अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षक अब निजी स्कूलों की तर्ज पर प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। इसके तहत बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की फोटो, स्कूल की सुविधाओं तथा सरकार द्वारा दी जाने वाली मुफ्त पाठ्यपुस्तक, ड्रेस और अन्य योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट गांवों में वितरित किए जा रहे हैं। वहीं कई शिक्षक अपने स्तर पर जरूरतमंद बच्चों को कॉपी-पेन भी उपलब्ध करवा रहे हैं, ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अभियान की निगरानी के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार स्पॉट चेकिंग भी कर रहे हैं। प्रधानाचार्य महेश कुमार सहू, दिनेश सोनी, महावीर सर्वा और श्योकत अली ने बताया कि सरकारी योजनाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण अब कई अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों से निकालकर सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिला रहे हैं। इधर, गांव रतनपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेशोत्सव अभियान के तहत नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। स्कूल पहुंचने पर प्रशासक जिंदर पाल गोदारा, प्राचार्य विनोद कुमार, सुरेश कुमार मीना तथा उप प्राचार्य विकास पुरी के नेतृत्व में स्टाफ ने बच्चों का माल्यार्पण और तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर लेक्चरर फरसराम, सुमन, योगेश, सत्यवान, उत्तम कुमार, महावीर प्रसाद, प्रदीप सैनी, प्रियंका, अंजु, सुनीता, रामचंद्र थोरी और अयूब खान ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
