फेफाना। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फेफाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बैंक डकैती की साजिश रचने और आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनिवास उर्फ अर्जुनराम (34) निवासी कागदाना, जिला सिरसा तथा सुनील उर्फ डेला उर्फ डेलिया (30) निवासी जांडवाला छोत्तर, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, ठगी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। गौरतलब है कि 29 मार्च 2026 को गोगामेड़ी पुलिस ने बैंक डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उस दौरान आरोपियों के कब्जे से विदेशी पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच फेफाना थानाधिकारी नरेंद्र कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फेफाना थानाधिकारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस टीम में कांस्टेबल काशीराम और सुरेश कुमार शामिल रहे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
