चारणवासी/फेफाना। अवैध नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फेफाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 3.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.40 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार सुथार (33) पुत्र भजनलाल निवासी वार्ड नंबर 21, फेफाना को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच नहरी थाना नोहर के थानाधिकारी हनुमान प्रसाद को सौंपी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी नरेंद्र कुमार के साथ हवलदार रामप्रताप, कांस्टेबल काशीराम और कांस्टेबल सुरेश कुमार की अहम भूमिका रही। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि जिले में अवैध धंधों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
