ऐलनाबाद। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि के साथ सहायक व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हरियाणा के उद्यान विभाग ने मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक अनुदान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत किसानों को मधुमक्खी पालन से जुड़े उपकरणों और इकाइयों पर 75 से 85 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जिससे कम लागत में व्यवसाय शुरू करना आसान हो गया है। योजना के अनुसार, मधुमक्खी बक्सों की प्रति यूनिट लागत 2,250 रुपये निर्धारित की गई है, जिस पर किसानों को करीब 1,707.59 रुपये प्रति बक्सा अनुदान मिलेगा। किसान इस योजना के तहत अधिकतम 50 बक्सों तक लाभ ले सकते हैं। वहीं, 8 फ्रेम वाली मधुमक्खी कॉलोनी की लागत 2,000 रुपये तय की गई है, जिस पर करीब 1,700 रुपये प्रति कॉलोनी अनुदान दिया जाएगा। इस श्रेणी में भी अधिकतम 50 कॉलोनियों तक सहायता उपलब्ध है। मधुमक्खी पालन के उपकरणों पर भी सरकार द्वारा विशेष सहायता दी जा रही है। उपकरणों की लागत 18 रुपये से लेकर 21,280 रुपये तक निर्धारित है, जिस पर किसानों को 11.44 रुपये से लेकर 14,250 रुपये प्रति यूनिट तक अनुदान मिलेगा। जिला उद्यान अधिकारी दीन मोहम्मद के अनुसार, मधुमक्खी पालन न केवल किसानों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत है, बल्कि यह फसलों के परागण में भी अहम भूमिका निभाता है, जिससे उत्पादन में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए लाभकारी है। इच्छुक किसान अपने नजदीकी उद्यान विभाग कार्यालय में संपर्क कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
