डबवाली/ऐलनाबाद। डबवाली मार्केट कमेटी के अंतर्गत विभिन्न खरीद केंद्रों पर रबी सीजन की गेहूं खरीद का शुभारंभ चेयरमैन सतीश जग्गा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खरीद केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और आढ़तियों को व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। चेयरमैन सतीश जग्गा ने बताया कि किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस बार 105 कर्मचारियों की जंबो टीम तैनात की गई है। गेट पास जारी करने के लिए 24 घंटे कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार कमेटी के अधिकार क्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में अतिरिक्त खरीद केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने में सहूलियत मिलेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी भी सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी डबवाली जसलीन कौर (आईपीएस) के नेतृत्व में करीब 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसान, मजदूर और आढ़ती 24 घंटे निर्भय होकर आवागमन कर सकें और खरीद प्रक्रिया बिना बाधा जारी रहे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी तथा किसानों को भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। आढ़तियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें और बैंक खातों का सत्यापन समय रहते पूरा कर लें। मंडी में डिजिटल कांटों से ही तौल अनिवार्य की गई है और उनकी कैलिब्रेशन सक्षम एजेंसी से करवाना जरूरी किया गया है, ताकि तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। संभावित बारिश को देखते हुए आढ़तियों को तिरपाल व क्रेट की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नमी व गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही फसल मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। मार्केट कमेटी के अंतर्गत डबवाली, गोरीवाला, रत्ताखेड़ा, चौटाला, अबूबशहर, रिसालियाखेड़ा, देसूजोधा, हैबुआना, बनवाला, जंडवाला और मलिकपुरा सहित विभिन्न खरीद केंद्रों पर अब तक 72,595 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इस अवसर पर हैफेड प्रबंधक ख्याली राम, साक्षी मार्केटिंग समिति की विमला सिंवर, मार्केट कमेटी सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
