श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत जिले की सात नगरपालिकाओं की मतदाता सूची का प्रारूप सोमवार को जारी कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियां सौंपीं गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रायसिंहनगर, गजसिंहपुर, केसरीसिंहपुर, सादुलशहर, श्रीकरणपुर, सूरतगढ़ और श्रीविजयनगर नगरपालिकाओं के लिए 13 अप्रैल को प्रारूप प्रकाशन किया गया है। 14 अप्रैल को वार्डों और मतदान केंद्रों पर सूचियों का पठन किया जाएगा, जबकि 27 अप्रैल 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि 19 एवं 26 अप्रैल को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 3 मई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 6 मई को पूरक सूची तैयार कर 8 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता संख्या के अनुसार सूरतगढ़ नगरपालिका में सर्वाधिक 61,395 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा रायसिंहनगर में 20,660, सादुलशहर में 19,701, श्रीकरणपुर में 16,226, श्रीविजयनगर में 14,040, केसरीसिंहपुर में 10,268 तथा गजसिंहपुर में 7,750 मतदाता शामिल हैं। दावे और आपत्तियां निर्धारित प्रारूपों में स्वीकार की जाएंगी—प्रारूप-3 में नाम जोड़ने, प्रारूप-5 में आपत्ति तथा प्रारूप-6 में संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
