हनुमानगढ़। शादी समारोह के बीच देर रात घर में घुसकर हथियारों से हमला, तोड़फोड़ और लूट की वारदात सामने आई है। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर घायल कर दिया और शादी में खलल डालने की धमकी भी दी। जंक्शन थाना पुलिस ने मामले में कई नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 12, भ_ा कॉलोनी निवासी मुरली (43) पुत्र मदनलाल भाट ने जंक्शन थाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 2 बजे के बाद विजय भाट, शम्भूदयाल पुत्र घनश्यामदास, रजत पुत्र शम्भूदयाल, चंदू पुत्र विजय भाट, जयन्त, निखिल पुत्र कालूराम, वीरू पुत्र रतनलाल और जयसिंह पुत्र राजकुमार सहित अन्य लोग उसके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर का गेट और खिड़कियां तोड़ीं, इसके बाद खिड़कियों के शीशे फोड़ते हुए अंदर प्रवेश किया। उनके हाथों में लाठी, कुल्हाड़ी, डंडे, गंडासी व अन्य हथियार थे। घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। बताया गया कि घर में भतीजे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में रिश्तेदार मौजूद थे। हमलावरों ने महिलाओं के गहने और शादी के लिए रखी नगदी राशि भी लूट ली। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि शादी करके दिखाओ, हम शादी नहीं होने देंगे, जबरदस्ती शादी करोगे तो जान से मार देंगे। इस घटना से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस की ओर से की गई प्रारंभिक जांच में मुरली के हाथों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
