हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सफलता हासिल करते हुए रावतसर थाना पुलिस ने करीब 9 माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा एवं शराब तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वांछित अपराधियों और गैंगस्टर के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पीलीबंगा पुलिस थाना में 2025 में एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी श्रीभगवान (37) पुत्र रामचन्द्र बिश्नोई निवासी ढाणी चक रोही 5 एलकेएस-ए, लिखमीसर पीएस गोलूवाला को जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर दस्तयाब किया। डीएसटी की ओर से पकड़ने के बाद आरोपी को जांच अधिकारी रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानंद के सुपुर्द किया गया, जिन्होंने अनुसंधान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि उक्त मामले में करीब 43 किलोग्राम पोस्त बरामद किया गया था, जिसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अमरसिंह, कांस्टेबल मोहनलाल व देवीलाल शामिल रहे। इस कार्रवाई में डीएसटी हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही।
