हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में करीब आठ माह से फरार वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में यह चौथी गिरफ्तारी है। पुलिस के अनुसार जंक्शन थाना के एएसआई खेमराज मीणा ने दो अगस्त 2015 को सुरेन्द्र कुमार (25) पुत्र रामकुमार जाट निवासी चौहिलांवाली पीएस टाउन को 315 बोर के देशी कट्टा सहित गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। तफ्तीश एसआई चुकां को सौंपी गई। इस प्रकरण में सुरेन्द्र कुमार सहित तीन आरोपियों की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। अब इस प्रकरण में वांछित चौथे आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू बिजारणिया (34) पुत्र देवीलाल उर्फ ओमप्रकाश जाट निवासी वार्ड नम्बर 15, बिजारणियावाली ढाणी, किशनपुरा दिखनादा पीएस टाउन को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। आरोपी से अनुसंधान जारी है।
