हनुमानगढ़। निकाय एवं पंचायत चुनावों को बार-बार टाले जाने और किसानों को लेकर दिए गए बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले पार्टी कार्यकर्ताओं मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों के बारे में दिया गया बयान वास्तविकता से परे है, क्योंकि किसान सालभर कठिन परिस्थितियों में मेहनत करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंडियों में इस बार फसल उठाव बेहद धीमा है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य और केन्द्र सरकारें जानबूझकर स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को टाल रही हैं, जिससे लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने इसे संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए आम जनता के अधिकारों का हनन करार दिया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि समय पर चुनाव कराना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, लेकिन सरकार इस मूल सिद्धांत की अनदेखी कर रही है। चुनावों में देरी से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधित्व कमजोर हो रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द चुनाव घोषित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैनर और तख्तियां लेकर विरोध जताया और बाद में पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव घोषित नहीं किए गए तो पार्टी आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक, उपाध्यक्ष जयदेव भिड़ासरा, करणी सिंह राठौड़, तरुण विजय, महासचिव गुरदीप चहल, इशाक खान, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, सचिव मांगीलाल स्वामी, मोहम्मद हुसैन खोखर, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, मनमोहन सोनी, सीताराम कड़वा, विजय गौंद, सुरेन्द्र मारवाल, यश चिलाना, रणवीर नायक, गुलाब सिंह, विकास रांगेरा, विनोद गुरुसर, मोहनलाल इंदलिया, रामचन्द्र चौधरी, गुरलाल मान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
