कोटा। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 के अप्रैल सेशन का परिणाम सोमवार, 20 अप्रैल को जारी किए जाने की संभावना है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी सूचना के बाद लाखों छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्सुकता बढ़ गई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही सभी को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है।एनटीए द्वारा जारी किए जाने वाले परिणाम में उम्मीदवारों की ऑल इंडिया रैंक (AIR), जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई करने वाले लगभग 2.5 लाख विद्यार्थियों की सूची और विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले छात्रों की संख्या भी शामिल होगी। इस बार भी यह देखना दिलचस्प होगा कि किन राज्यों के छात्र टॉप प्रदर्शन करते हैं। पिछले वर्ष 2025 के परिणामों पर नजर डालें तो राजस्थान राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था। शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा के अनुसार, वर्ष 2025 में कुल 24 विद्यार्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त किया था, जिनमें से 7 छात्र अकेले राजस्थान से थे। इनमें अनस, आयुष सिंघल, लक्ष्य शर्मा, रजत गुप्ता, सक्षम जिंदल, अर्णव सिंह और ओमप्रकाश बेहेरा शामिल थे। वहीं अन्य राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना से तीन-तीन छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल किया था। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम बंगाल और गुजरात से दो-दो विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि प्राप्त की थी। कुछ अन्य राज्यों से भी एक-एक छात्र ने टॉप स्कोर हासिल किया था।इस वर्ष के पहले सेशन में कोटा कोचिंग संस्थानों के छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार भी टॉप 10 में कोटा के छात्रों का दबदबा देखने को मिल सकता है। कोटा लंबे समय से जेईई की तैयारी का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां के छात्र हर साल उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस बार भी राजस्थान पिछली बार की तरह टॉप पर रहेगा या कोई अन्य राज्य बाजी मारेगा। रिजल्ट जारी होते ही तस्वीर साफ हो जाएगी और लाखों छात्रों के भविष्य की दिशा तय होगी।
