जयपुर। राधामोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर कोई वसुंधरा राजे के लिए “बेबस” जैसे शब्द का प्रयोग करता है तो लोग उस पर हंसेंगे, क्योंकि राजे महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल हैं। अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस प्रकार के षड्यंत्रों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी लेटर के मामले में पूरी भाजपा पार्टी वसुंधरा राजे के साथ मजबूती से खड़ी है और इस प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर भी इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं और सच्चाई सामने लाई जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्रवाल ने भाजपा द्वारा महिलाओं को दिए गए प्रतिनिधित्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को उनका अधिकार दिया है। राजस्थान में पहले वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री बनाया गया और अब दीया कुमारी को उप मुख्यमंत्री बनाकर महिलाओं को सशक्त नेतृत्व दिया गया है। सीएम भजनलाल शर्मा की कैबिनेट में महिला मंत्रियों की कम संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक प्रक्रिया में परिवर्तन, विस्तार और मूल्यांकन लगातार चलता रहता है। उन्होंने कहा कि हर निर्णय परिस्थितियों और सामूहिक सोच के आधार पर लिया जाता है। अग्रवाल ने आगे कहा कि भाजपा ने देशभर में महिलाओं को नेतृत्व देने का कार्य किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी ने तीन बार बहन मायावती को समर्थन देकर उन्हें मुख्यमंत्री बनाया। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी महिलाओं को नेतृत्व के अवसर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां अलग होती हैं और उसी के अनुसार निर्णय लिए जाते हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अग्रवाल ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने वर्ष 2023 में महिलाओं के समर्थन का केवल दिखावा किया था। उस समय लोकसभा चुनाव नजदीक थे, इसलिए वे विरोध नहीं कर पाए। लेकिन अब जब महिला आरक्षण लागू होने की स्थिति बनी, तो उन्होंने अपना असली चेहरा दिखा दिया और विरोध में सामने आ गए। अग्रवाल ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसे हर हाल में लागू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेतृत्व ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देती है और विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।
