हनुमानगढ़। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए संयुक्त रेड में भारी मात्रा में लाहन (शराब बनाने का वाश) नष्ट किया और कच्ची भट्ठियां तोड़ीं। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त और जिला कलक्टर के निर्देशन में जिले के विभिन्न गांवों गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, मक्कासर और अमरपुरा थेड़ी में एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान करीब पांच हजार लीटर लाहन, जो हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार किया गया था, मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा टीम ने 10 कच्ची भट्ठियों को भी तोड़ दिया तथा 40 पव्वे देशी शराब बरामद की। इस संबंध में एक अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पटावरी ने बताया कि जिले में अवैध शराब की कशीदगी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार रेड और गश्त की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। आबकारी विभाग के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 28 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार तथा जमादार हुसैन खान सहित जाप्ता शामिल रहा।
