हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर की वार्षिक बैठक बुधवार को अध्यक्ष कंचन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गत वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष की योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक के प्रारंभ में संस्था का वार्षिक लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस दौरान पिछले वर्ष किए गए सामाजिक कार्यांे, सेवा गतिविधियों और जरूरतमंदों तक पहुंची सहायता पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए आने वाले समय में इन कार्यांे को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। आगामी वर्ष के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई। इनमें विशेष रूप से जरूरतमंद और वंचित बच्चों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा अभियान चलाने पर जोर दिया गया। संस्था की ओर से ऐसे बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाने, उनकी पढ़ाई में सहयोग करने और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा सर्दियों के मौसम में मानव सेवा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए केसर युक्त दूध वितरण कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही समय-समय पर अस्पताल परिसर में लंगर की व्यवस्था कर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई गई। संस्था ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए भी विशेष पहल करने का निर्णय लिया। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को वस्त्र वितरण, उनके बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए खेलकूद एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उनमें आत्मविश्वास का विकास होगा। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सभापति संतोष बंसल ने संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यांे की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संस्थाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
