हनुमानगढ़। डबलीराठान की अनाज मंडी में गेहूं की खरीद और उठाव शुरू नहीं होने से परेशान किसानों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। किसानों का आरोप है कि आसपास की सभी मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन डबलीराठान मंडी में अब तक एक भी बोरी गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है। किसानों ने बताया कि पिछले 25 से 30 दिनों से उनका गेहूं मंडी में पड़ा हुआ है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फसल की बिक्री नहीं होने के कारण किसानों को अगली फसल के लिए डीजल, खाद और बीज खरीदने में आर्थिक दिक्कतें आ रही हैं। किसानों के अनुसार, मंडी में ट्रैक्टर यूनियन और व्यापारियों के बीच चल रहे विवाद के कारण गेहूं का उठाव और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह बाधित है। इस कारण हजारों किसान प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने यह भी बताया कि वे मंडी सचिव और उच्च अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। स्थिति जस की तस बनी हुई है। किसानों ने जिला कलक्टर से मांग की कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रैक्टर यूनियन और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करवाएं, ताकि गेहूं की खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके और किसानों को राहत मिल सके। इस मौके पर ओमप्रकाश, सन्तासिंह, मुकेश भूकर, महेन्द्रपाल, चिमनाराम, जगराज, प्रदीप सिंह, महेन्द्र सिंह, मंगल सिंह, कर्ण गाबा, इन्द्रसिंह सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
