हनुमानगढ़। दुकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रावतसर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राकेश (45) पुत्र मनसाराम जाट निवासी ग्राम मानकेरिया तहसील पल्लू ने थाने में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि उसकी जान-पहचान शिवकुमार पुत्र मुखराम जाट निवासी बरमसर तहसील पल्लू से थी। आरोपी ने 21 नवंबर 2025 को उसे बताया कि भादू पेट्रोल पंप के पास उसकी 10&15 फुट की एक दुकान है, जिसे वह 10 लाख रुपए में बेच देगा। आरोप है कि आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने 22 नवंबर 2025 को बरमसर जाकर सौदे की अग्रिम राशि (साई) के रूप में 4 लाख रुपए दे दिए। आरोपी ने जल्द ही रजिस्ट्री करवाने का भरोसा दिया। कुछ दिन बाद जब पीड़ित ने सम्पर्क किया तो आरोपी का फोन बंद मिला। 30 नवंबर 2025 को दोबारा मिलने पर आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसके पास कोई दुकान है ही नहीं और उसने धोखे से पैसे लिए हैं। पीड़ित की ओर से रकम वापस मांगने पर आरोपी ने देने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई शिशपाल को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
