नोहर। भारतीय किसान संघ तहसील शाखा खुईयां की मासिक बैठक तहसील अध्यक्ष बेगराज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत भगवान बलराम, भारत माता एवं संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। बैठक के बाद किसान हित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर उपजिला कलेक्टर के नाम उपतहसीलदार खुईयां को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के गांव लगातार लो-वोल्टेज, जर्जर विद्युत लाइनों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों, बार-बार ट्रिपिंग तथा अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे किसानों की कृषि मोटरें और घरेलू उपकरण जल रहे हैं। इसके अलावा पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों को महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर दूषित पानी की आपूर्ति से लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। भारतीय किसान संघ ने मांग की कि जर्जर विद्युत लाइनों को बदला जाए, नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं तथा जले हुए कृषि ट्रांसफार्मरों का 72 घंटे के भीतर प्रतिस्थापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति करने और पेयजल संकटग्रस्त गांवों में स्थायी जल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई गई। संघ ने ‘हर घर नल योजना’ में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की। किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी। इस दौरान जिला कार्यकारिणी सदस्य कुन्दनपुरी, तहसील उपाध्यक्ष महिपाल स्वामी, सह मंत्री पवन बारूपाल, ग्राम समिति अध्यक्ष भूप सिंह राठौड़, ओमप्रकाश, इन्द्राज स्वामी, प्रहलाद दास, मुनीगीर गोस्वामी, इन्द्राज नायक, सतवीर गिर, शिशपाल स्वामी, मनीराम साहू, राधाकिशन कारेला, रामानंद शर्मा, मुकेश सिंह राठौड़ सहित भारतीय किसान संघ के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
