हनुमानगढ़। जिले में अटल भूजल योजना के तहत किसानों को मिलने वाली अनुदानित राशि में हो रही देरी को लेकर किसानों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। प्रभावित किसानों ने शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की। यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान अटल भूजल योजना के अंतर्गत सिंचाई के लिए डिग्गियों का निर्माण और कृषि यंत्रों की खरीद की गई थी। इस योजना के तहत प्रति किसान 3-3 लाख रुपए की अनुदान राशि मिलने का प्रावधान है। किसानों का कहना है कि उन्होंने सरकार की योजना पर भरोसा करते हुए समय पर कार्य पूरा किया, लेकिन 18 माह बीत जाने के बाद भी उनके खातों में अनुदान की राशि जमा नहीं की गई है। रायसाहब मल्लड़खेड़ा ने बताया कि डिग्गी निर्माण के दौरान कई किसानों ने ब्याज पर पैसा उठाया था, यह सोचकर कि 10-15 दिनों में उन्हें अनुदान मिल जाएगा। लेकिन भुगतान में हो रही देरी के कारण अब किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। ब्याज सहित उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कई किसानों को अब तक करीब 2-2 लाख रुपए का अतिरिक्त घाटा हो चुका है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 3-3 लाख रुपए की अनुदानित राशि जमा करवाई जाए। साथ ही, देरी के कारण किसानों को जो आर्थिक नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई भी सरकार द्वारा की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 19 मई को जिला कलक्ट्रेट कार्यलय का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर रविंद्र सिंह, काका सिंह, लखवीर सिंह, सुखदीप सिंह, जाकिर हुसैन, रणजीत सिंह, पतराम, प्रेम, भीम सिंह, गुरप्यार सिंह, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, संदीप सिंह, कुलविन्द्र सिंह, विकास नैण, दर्शन सिंह, अमिन खां मौजूद थे।
