संगरिया। कृषि उपज मंडी समिति के सचिव राकेश चौधरी ने मंडी में गेहूं खरीद, बारदाना वितरण एवं उठाव व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल से 26 अप्रैल तक 4 लाख बैग गेहूं का उठाव किया गया तथा 9.28 लाख बारदाना उपलब्ध हुआ, जिसमें से 7 लाख बारदाना वितरित किया गया। सचिव के अनुसार अब तक कुल 16 लाख 67 हजार 143 बारदाना प्राप्त हुआ है, जिसमें से 14 लाख 48 हजार का वितरण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 2 लाख 19 हजार 143 बारदाना शेष है। उन्होंने बताया कि 5 मई तक कुल 4 लाख 47 हजार 790.5 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। वहीं एफसीआई और नैफेड द्वारा 8 लाख 44 हजार 152 बैग का उठाव किया जा चुका है, जबकि 94 हजार 558 भरे हुए बैग शहर एवं फोकल प्वाइंटों पर पड़े हुए हैं। राकेश चौधरी ने कहा कि ठेकेदार द्वारा प्रतिदिन औसतन 50 हजार बैग का उठाव किया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया रोस्टर प्रणाली के तहत संचालित की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गत वर्ष सुविधा शुल्क के आधार पर मनमाने तरीके से उठाव किया गया था, जिसमें रोस्टर प्रणाली का पालन नहीं हुआ। इस दौरान व्यापार मंडल के कर्मचारी राजेन्द्र राजपूत एवं तत्कालीन क्वालिटी इंस्पेक्टर पर व्यापारियों को परेशान कर वसूली करने के आरोप भी लगाए गए। सचिव ने कहा कि इस बार क्वालिटी इंस्पेक्टर हवा सिंह की ईमानदार कार्यशैली के कारण भ्रष्टाचार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। उन्होंने बताया कि हवा सिंह का पूर्व कार्यकाल भी बेहतर रहा है।
