– सामाजिक संगठनों ने कार्रवाई की मांग उठाई, ट्रैक्टर गायब करने और खाली स्टाम्प पर लिखापढ़ी के आरोप
हनुमानगढ़। विभिन्न सामाजिक संगठनों के बैनर तले बुधवार से आयकर विभाग कार्यालय के समक्ष बेमियादी धरना शुरू किया गया। धरने पर बैठे लोगों ने कुछ व्यक्तियों पर ब्याजखोरी, फर्जी लिखापढ़ी और गरीब लोगों को परेशान करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। रणजीतपुरा निवासी रामकुमार ने आरोप लगाया कि गांव के अधिवक्ता जगतपाल बेनीवाल, उसके भाई राजपाल तथा भतीजे सुरेन्द्र की ओर से लोगों को ब्याज पर रुपए दिए जाते हैं। तय समय पर रकम वापस नहीं लौटाने पर सिक्योरिटी के तौर पर लिए गए चेकों में बड़ी रकम भरकर उन्हें अदालत में पेश कर दिया जाता है, जिसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वारंट जारी करवाए जाते हैं। रामकुमार ने कहा कि इस कारण आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोग लगातार परेशान हो रहे हैं। कई लोगों को पुलिस थानों में बुलाया जाता है और दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगतपाल बेनीवाल और उसके सहयोगियों ने कुछ लोगों के ट्रैक्टर तक गायब कर दिए। एक व्यक्ति ने कथित रूप से एक लाख रुपए उधार लिए थे और रकम लौटाने के बावजूद उसका ट्रैक्टर छीन लिया गया। धरनार्थियों का आरोप है कि रुपए उधार देते समय खाली स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवाए जाते हैं और बाद में उनमें मनमर्जी से लिखापढ़ी कर दी जाती है। आरोप है कि खाली स्टाम्प पर उधार लेने वाले व्यक्ति की कीमती वस्तु का उल्लेख कर उसे बेचने संबंधी दस्तावेज तैयार कर लिए जाते हैं। रामकुमार ने बताया कि ट्रैक्टर और आटा चक्की गायब करने के मामले में पहले भी जगतपाल बेनीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी, लेकिन पुलिस ने उस मामले में एफआर लगा दी। उनका कहना है कि इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। धरनार्थियों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें न्याय और राहत नहीं मिलती, तब तक धरना जारी रहेगा।
