हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भवन एवं सनिर्माण मजदूर संघ का एक दिवसीय जिला अधिवेशन 16 मई को जंक्शन स्थित जाट भवन में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन का शुभारंभ सुबह 9.30 बजे होगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिवेशन में भवन एवं सनिर्माण बोर्ड के सदस्य एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर व्यास विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा विद्युत विभाग एमबीएस के जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। संघ के महामंत्री संदीप सिरावता और जिलाध्यक्ष अनिल यादव अधिवेशन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह अधिवेशन केवल औपचारिक बैठक नहीं होगा, बल्कि भवन निर्माण क्षेत्र से जुड़े हजारों मजदूरों के भविष्य को दिशा देने वाला मंच साबित होगा। जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि अधिवेशन में भवन निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित कर राज्य और केन्द्र सरकार को भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिवेशन में शुभ शक्ति योजना को दोबारा शुरू करने और उसकी सहायता राशि बढ़ाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा छात्रवृत्ति योजना को पहली कक्षा से लागू करने और आरटीई के तहत निजी स्कूलों में भवन निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए अलग कोटा निर्धारित करने की मांग भी की जाएगी। संघ की ओर से भवन निर्माण श्रमिक कार्ड धारकों को आयुष्मान भारत दुर्घटना बीमा योजना में स्वत: शामिल करने तथा दुर्घटना की स्थिति में 15 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग भी रखी जाएगी। वहीं प्रवासी मजदूर की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके परिवार को 15 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने का प्रस्ताव भी अधिवेशन में रखा जाएगा। अनिल यादव ने कहा कि ये मांगें श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और उनके भविष्य से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
