संगरिया। संगरिया क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशा तस्करी और नशाखोरी की घटनाओं को लेकर किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में फैल रहे नशे के कारोबार को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया। जारी बयान में बलकौर सिंह ढिल्लों ने कहा कि गांवों और कस्बों में कम उम्र के युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिसके कारण परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रभाव से क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक ढिलाई और कमजोर निगरानी के कारण नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उन्होंने संगरिया और आसपास के क्षेत्रों में विशेष एंटी-ड्रग अभियान चलाने, नशा तस्करों और उनके संरक्षणकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस व खुफिया निगरानी मजबूत करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही युवाओं के लिए खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्कूलों और गांवों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने तथा नशे से प्रभावित युवाओं के लिए पुनर्वास और काउंसलिंग सुविधाएं मजबूत करने की मांग की गई है। बलकौर सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने समाज, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों से भी नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने की अपील की।
