हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवक परिषद ने एक सराहनीय अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु परिंडे लगाए जा रहे हैं, ताकि तपती गर्मी में उन्हें प्यास से जूझना न पड़े। राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि परिषद के कार्यकर्ता तन, मन और धन से इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य है कि इस भीषण गर्मी में कोई भी पक्षी प्यास के कारण परेशान न हो और सभी को जीवनदायिनी राहत मिल सके। उन्होंने इसे केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश बताया। अभियान के तहत विश्वकर्मा पार्क और इंदिरा गांधी पार्क में महिलाओं एवं परिषद सदस्यों के सहयोग से जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में कुल 33 परिंडे लगाए गए। प्रवीण जैन ने जानकारी दी कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां-जहां परिषद के सदस्य मौजूद हैं, वहां अपने स्तर पर परिंडे बांधने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक परिषद के सदस्यों द्वारा बीकानेर संभाग में करीब 11 हजार परिंडे लगाए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी। इस सेवा अभियान में दीक्षा, कांता देवी, भंवरी देवी, भरपाई देवी, कलावती देवी, रामलाल कांवलिया, किशोरी, विनोद नायक, अमन सोनी, राकेश सरस्वा और अशोक सोनी सहित कई सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। राष्ट्रीय युवक परिषद का यह प्रयास समाज में संवेदनशीलता, जीवों के प्रति दया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।
