जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पूरी तरह दम तोड़ चुकी है। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि बहन-बेटियां दिनदहाड़े घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं। जूली ने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दौसा में घर में सो रही 10 वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और बांसवाड़ा में रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस द्वारा समझौते का दबाव बनाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस तंत्र के अमानवीय रवैये और न्याय न मिलने की निराशा के कारण पीड़िता को आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। जूली ने कहा कि ये केवल घटनाएं नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक नाकामी और संवेदनहीनता का परिणाम हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म, अपहरण और हत्या जैसे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े भाषणों, विज्ञापनों और खोखले दावों से प्रदेश नहीं चलता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस डबल इंजन सरकार का ढिंढोरा पीटा जा रहा था, उसी के दौर में राजस्थान अपराध के मामलों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होता जा रहा है।
