हरियाणा/सोनीपत। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गोहाना में एक दिवसीय 57वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई गोहाना के प्राचार्य अजय खोखर ने की। इस दौरान संस्थान के अनुदेशक, वर्ग अनुदेशक और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से भावी पीढ़ियों के लिए अभिशाप है। उन्होंने कहा कि नशा मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है, जो शुरुआत में शौक बनकर जीवन में प्रवेश करता है और अंततः जीवन को शोक में बदल देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि नशा अच्छा होता तो सबसे पहले एक मां अपने बच्चे को नशा करने के लिए देती। कार्यक्रम के दौरान नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित सूचना साझा करने की अपील भी की गई। उन्होंने बताया कि ऐसी सूचनाएं NCB राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर दी जा सकती हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी, महासचिव सतबीर पोडिया सहित आईटीआई के वर्ग अनुदेशक रामपाल, परमवीर, शुभ कुमार, गोविंद, राजीव एवं सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।
संवाददाता- राजेश सलूजा
