- वरुण मुलाना बोले – विपक्ष में रहते महंगाई पर कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने वाले सत्ता में आकर सब भूल गए
हिसार/हरियाणा। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों को लेकर तीखा हमला बोला। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक कुमार मैहता के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में अंबाला सांसद वरुण मुलाना सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में होती है तो महंगाई के खिलाफ बड़े-बड़े आंदोलन करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद सब कुछ भूल जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में लोगों की आय कम हुई है जबकि खर्चे लगातार बढ़े हैं, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि एक समय भाजपा के नेता पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते थे, जबकि उस समय कच्चे तेल की कीमतें काफी अधिक थीं। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए जाते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए वरुण मुलाना ने कहा कि उनके कार्यकाल में भाजपा लगातार आलोचना करती थी, लेकिन उन्होंने देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने गैस सिलेंडर और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। नगर निकायों की कार्यप्रणाली और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम और नगर परिषदों की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने पंचकूला में निजी बैंक खातों और कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विपक्ष के हस्तक्षेप के बाद ही कार्रवाई संभव हुई। नारायणगढ़ के सेक्टर-4 सहित कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल है और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को सुविधाएं नहीं मिल रहीं। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक कुमार मैहता ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के प्रमुख वास्तुकार थे। उन्होंने स्वतंत्र भारत में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और विकास की मजबूत नींव रखी। उनके नेतृत्व में पंचवर्षीय योजनाओं की शुरुआत हुई तथा बड़े बांधों, सार्वजनिक उपक्रमों, उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि नेहरू के कार्यकाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), परमाणु ऊर्जा आयोग और अंतरिक्ष अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की नींव रखी गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन और पंचशील सिद्धांतों के माध्यम से भारत की अलग पहचान बनाई। वर्तमान व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए अशोक मैहता ने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी पर पड़ रहा है और गरीब व मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने हरियाणा सरकार से पेट्रोल और डीजल पर वैट कम कर जनता को राहत देने की मांग की। इस अवसर पर रोशन लाल वालिया, सुभाष वालिया, बरखाराम धीमान, बिल्लू ग्रेवाल, बलदेव साहनी, जयकुमार जैकी, मास्टर ओम प्रकाश, संजय बक्शी, चंद्रपाल केसर, वेद प्रकाश खुराना, रवि शर्मा, लाभ सिंह, दिलदार सिंह, राम अवतार, उधम सिंह धालीवाल, निखिल शर्मा, अश्विनी गुप्ता सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता- राजेश सलूजा
