– पट्टे, सफाई व्यवस्था, सीवरेज और पार्किंग शुल्क सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग
हनुमानगढ़। नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन कर आयुक्त को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया गया कि नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से अनेक समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान के लिए पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आम नागरिकों में रोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने टाउन की भभूतासिद्ध कॉलोनी, हीरा सिंह कॉलोनी, अम्बेडकर कॉलोनी, सहारा कॉलोनी, कड़वासरा कॉलोनी, लोहिया कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, शोरगर मोहल्ला, बरकत कॉलोनी, बिहारी बस्ती और नई आबादी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछले 15 वर्षांे से लंबित पट्टे जारी करने की मांग उठाई गई। साथ ही अम्बेडकर कॉलोनी और भभूतासिद्ध कॉलोनी में पुराने पट्टों के नामांतरण की सुविधा शुरू करने की भी मांग की गई। आप कार्यकर्ताओं ने टाउन और जंक्शन क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में पट्टे जारी करने, नालियों और सड़कों का निर्माण करवाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, सफाई व्यवस्था में सुधार करने तथा बरसाती पानी की निकासी के लिए मुख्य नालों की सफाई करवाने की मांग रखी। इसके अलावा धानमंडी बाइपास से भद्रकाली मार्ग तक नाली निर्माण, सीवरेज कार्यांे के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदनों का निस्तारण, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लिए भूमि आवंटन, फोर्ट स्कूल के खेल मैदान की बाउंड्री को पूर्व स्थिति में बहाल करने तथा लोहिया कॉलोनी जोहड़ पर हुए कथित अतिक्रमण हटाने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा मुखर्जी कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान को प्राकृतिक जोहड़ के रूप में विकसित करने तथा सेंट्रल पार्क में पार्किंग शुल्क व्यवस्था बंद करने की मांग उठाई गई। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में नगर परिषद कार्यालय की तालाबंदी सहित बड़े जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। इस मौके पर सुभाष पारीक, संजय गोयल, ओम सोनी, राजू, द्वारका प्रसाद, बलवन्त सिंह, बुधराम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
