हनुमानगढ़। पीटीआई (शारीरिक शिक्षक) भर्ती-2026 में रिक्त पदों को जोड़कर कुल पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर राजस्थान बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश के लाखों बीपीएड, डीपीएड एवं सीपीएड डिग्रीधारी बेरोजगार युवा लंबे समय से नई पीटीआई भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में प्रस्तावित लगभग 900 से 1079 पदों पर भर्ती की चर्चा चल रही है, जबकि प्रदेश में रिक्त पदों और बेरोजगार अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए यह संख्या काफी कम है। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षांे में बड़ी संख्या में विद्यालयों को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया गया है तथा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों का विस्तार हुआ है, लेकिन अनेक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद अभी तक स्वीकृत अथवा भरे नहीं गए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को खेल एवं शारीरिक शिक्षा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं और नीतियां संचालित कर रही है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति आवश्यक है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शाला दर्पण के आंकड़ों तथा सेवानिवृत्ति के कारण ग्रेड-द्वितीय एवं ग्रेड-तृतीय शारीरिक शिक्षकों के हजारों पद रिक्त पड़े हैं। इन रिक्तियों को शीघ्र भरना शिक्षा व्यवस्था और खेल गतिविधियों के विकास के लिए जरूरी है। राजस्थान बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री से मांग की कि पीटीआई भर्ती-2026 में सभी रिक्त पदों को शामिल करते हुए कुल पदों की संख्या कम से कम 5000 की जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सके और विद्यालयों में खेल शिक्षा को मजबूती मिल सके। इस मौके पर हरीश, पूजा, मुकेश, कुलदीप, राहुल, अजय सहित कई बेरोजगार युवक-युवतियां मौजूद थे।
