हनुमानगढ़। राजकीय महाविद्यालयों में नए सत्र के प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन की निर्धारित अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) तहसील कमेटी हनुमानगढ़ ने उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में बताया गया कि नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बहुत कम समय दिया गया है, जिसके कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी अभी भी सत्यापन प्रक्रिया से वंचित हैं। ऐसे में कई छात्र-छात्राओं के राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश से वंचित रहने की आशंका बनी हुई है। एसएफआई ने मांग की है कि दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित न रहे और सभी पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। यह ज्ञापन राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय, हनुमानगढ़ के प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त, राजस्थान सरकार को भेजा गया। ज्ञापन पर एसएफआई तहसील कमेटी हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी किए गए।
