हनुमानगढ़। श्रम, कारखाना एवं बॉयलर्स तथा ईएसआई विभाग के संयुक्त शासन सचिव महेंद्र खड़गावत ने हनुमानगढ़ जिले का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने श्रम कार्यालय, कारखाना एवं बॉयलर कार्यालय तथा ईएसआई डिस्पेंसरी का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त शासन सचिव ने ईएसआई डिस्पेंसरी में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संतोष व्यक्त किया। वहीं श्रम कार्यालय को भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की लंबित योजनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि पात्र श्रमिकों को समय पर लाभ मिल सके। भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण उपकर संग्रहण की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्रमिकों के हितों और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए श्री खड़गावत ने श्रम विभाग, कारखाना एवं बॉयलर्स तथा ईएसआई विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने तीनों विभागों को मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। दौरे के अंत में सामाजिक सरोकारों का संदेश देते हुए संयुक्त शासन सचिव ने श्रम विभाग परिसर में पौधरोपण किया तथा पक्षियों के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल के परिण्डे बांधे। उन्होंने आमजन से भी गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील की।
