हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भवन एवं सन्निर्माण श्रमिकों के लिए एक दिवसीय लेबर कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर लेबर कार्ड से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कैंप में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री संदीप सिरावता, संगठन मंत्री ओम गोदारा तथा मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रमिकों को लेबर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि जिले में अनेक पात्र श्रमिक जानकारी के अभाव में लेबर कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं, जिसके कारण वे सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक कार्ड बनने के बाद भवन एवं सन्निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान दुर्घटना की स्थिति में श्रमिक परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 5 लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि का प्रावधान है। इसके अलावा भवन निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों, ठेकेदारों एवं कार्यस्थल पर जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मियों को भी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। अनिल यादव ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हनुमानगढ़ भविष्य में भी श्रमिकों के हितों और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित करता रहेगा। कैंप के दौरान भारतीय मजदूर संघ के सदस्य सुमित कुमार और रवि कुमार ने श्रमिकों के ऑनलाइन आवेदन तथा अन्य संबंधित सेवाओं में सहयोग प्रदान किया।
