–शिविर में राजस्व प्रकरण का मौके पर निस्तारण, लाभार्थी ने जताया आभार
नोहर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत पंचायत समिति नोहर की ग्राम पंचायत भोगराना में गुरुवार को आयोजित शिविर में एक लंबे समय से लंबित राजस्व प्रकरण का मौके पर समाधान कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई। शिविर में पटवार मंडल भोगराना के राजस्व ग्राम भोगराना निवासी मृतक खातेदार लिछमण राम पुत्र मलूराम के वारिस विरासतन नामांतरण दर्ज करवाने के लिए शिविर प्रभारी तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत हुए। वारिसों ने बताया कि उनके पिता का निधन 24 अगस्त, 1994 को हो गया था, लेकिन परिवार के सदस्य सरकारी सेवा में होने के कारण बाहर निवास कर रहे थे और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। शिविर में आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर राजस्व अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विरासतन नामांतरण दर्ज किया। वर्षों से लंबित यह प्रकरण मौके पर निस्तारित होने से परिवार को बड़ी राहत मिली। लाभार्थी भंवरलाल पुत्र लिछमण राम ने बताया कि उनके पिता के नाम दर्ज कृषि भूमि का विरासतन नामांतरण शिविर में संपादित होने से उन्हें राजस्व रिकॉर्ड संबंधी महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को गांव में ही त्वरित राहत मिल रही है तथा प्रशासन की सेवाएं सीधे लोगों तक पहुंच रही हैं।
