हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने खेत से विद्युत तार चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान बरामद किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बोरवेल, कुओं और मंदिरों में चोरी की कई वारदातें स्वीकार की हैं, जिनमें निनाण स्थित रामदेव मंदिर से मूर्ति चोरी की घटना भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भादरा थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार एवं पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 240/2026 धारा 136 विद्युत अधिनियम में वांछित आरोपी भीमसिंह उर्फ भीमा (20) पुत्र बीरबल उर्फ मुंशी बावरी निवासी मोतीगढ़ पीएस छतरगढ़ जिला बीकानेर हाल घुमंतु आबाद सूरतगढ़ खेड़ी मंदिर, जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान बरामद किया गया तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने कई स्थानों पर बोरवेल, कुओं और मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने गांव निनाण स्थित रामदेव मंदिर से मूर्ति चोरी की वारदात भी स्वीकार की है। उल्लेखनीय है कि 18 जून को गुंजासरी निवासी भागीरथ ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके खेत में स्थित कुएं पर लगे थ्री-फेज विद्युत कनेक्शन की करीब 150 मीटर तांबे की तार अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल राजेश तथा राजकुमार शामिल रहे। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
