हनुमानगढ़। तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही एक पिकअप की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में घायल युवक के चाचा की रिपोर्ट पर खुइयां थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव बाच्छुसर निवासी शंकरलाल (38) पुत्र भादरराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा पवनदीप (20) पुत्र दलीप कुमार जाट निवासी बाच्छुसर 17 जून को दोपहर करीब 1.15 बजे मांगीलाल की मोटर साइकिल लेकर उसे रोटी देने के लिए ढाणी भाम्भूआन जा रहा था। उसके साथ विकास पुत्र जगदीश गिर गोस्वामी भी मोटर साइकिल पर सवार था। जब दोनों युवक खुइयां फांटा स्थित नए पुलिस थाने के पास पहुंचे तो सामने से आ रही सफेद रंग की पिकअप संख्या आरजे 10 जीसी 3554 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पवनदीप के हाथ, पैर, घुटने तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि विकास भी घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को पहले मंदरपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को नोहर रेफर कर दिया गया। नोहर से विकास को हनुमानगढ़ और पवनदीप को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेजा गया। वहां से भी हालत गंभीर होने पर पवनदीप को जयपुर रेफर किया गया, जहां चोमू स्थित बराला अस्पताल में उसके पैर का ऑपरेशन किया गया। खुईयां पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
