लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को फर्जी बताते हुए कहा कि भाजपा की नवगठित प्रदेश टीम ही वास्तविक पीडीए का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाने की है और भाजपा 2017 से भी बड़ी विजय हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अपना परिचय दिया। बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने बताया कि 3 और 4 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश टीम के साथ आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, महिला मोर्चा और किसान मोर्चा के अध्यक्षों के साथ-साथ अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्षों को 10 जुलाई तक अपनी-अपनी टीम का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भाजपा 2 जुलाई तक प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सामाजिक सम्मेलन आयोजित करेगी। इन सम्मेलनों में पार्टी पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति, चुनावी मुद्दों तथा जनता की समस्याओं पर चर्चा होगी, जिसकी रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को भेजी जाएगी। पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी राजनीति का केंद्र कार्यकर्ता है और संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी कार्यकर्ता आधारित राजनीति का अभिन्न हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और यही टीम केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान और हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पार्टी के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण ही भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान है। प्रत्येक पदाधिकारी को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन और विचारधारा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने आचरण और कार्यशैली के माध्यम से जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करना होगा। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह परिचयात्मक बैठक मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की विजय यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी इसकी मजबूती का प्रतीक है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, संवाद और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि “बूथ सशक्त होगा तो चुनाव स्वतः सशक्त होगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
