हनुमानगढ़। जंक्शन की दुर्गा कॉलोनी में सोमवार को नगर परिषद कर्मचारी की ओर से नाली की सफाई करते समय भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। नाली की सफाई कर नगर परिषद कर्मचारी तो वहां चला गया लेकिन उसे भ्रूण का पता नहीं चला। तभी वहां से निकल रही एक महिला ने नाली से निकाले गए कचरे के बीच भ्रूण देखा तो इस बात का पता।

सूचना पर जंक्शन थाना से एसआई गजेन्द्र शर्मा व एएसआई निकूराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भ्रूण को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में भिजवाया। पुलिस ने रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगामी कार्रवाई की बात कही।

पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि ने बताया कि नगर परिषद का सफाई कर्मचारी रवि रोजाना की तरह वार्ड 18, दुर्गा कॉलोनी में नेहरू समिति स्कूल के पास नाली की सफाई कर रहा था। सफाई कर्मचारी नाली की सफाई करने के बाद चला गया। तभी वहां से जा रही मोहल्ले की एक महिला ने नाली में से निकाले गए कचरे में एक भ्रूण देखा। महिला ने आसपास के दुकानदारों को इसकी सूचना दी।

वे भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो प्रथम दृष्टया लड़की का नजर आ रहा भ्रूण करीब तीन-चार माह का प्रतीत हुआ। हालांकि यह एसएफएल रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि भ्रूण लड़की या लड़के का है।
